धरसीवां। रायपुर-बिलासपुर सिक्स लेन पर स्थित तरपोंगी टोल प्लाजा के पास ट्रक चालकों के लिए रुकना अब असुरक्षित होता जा रहा है। शनिवार तड़के करीब 4 बजे चाय पीने रुके दो ट्रक चालकों के साथ चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना हुई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रक चालक टोल प्लाजा के निकट एक होटल में चाय पी रहे थे। तभी चार असामाजिक तत्व वहां पहुंचे तथा शराब पीने के लिए रंगदारी के रूप में पैसे मांगने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू से दोनों चालकों पर हमला कर दिया तथा मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिरों की सूचना एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने दो नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
इस घटना ने टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के समय टोल प्लाजा कर्मियों एवं सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना न देना तथा पीड़ितों की मदद न करना बड़ा प्रश्न बन गया है। तरपोंगी टोल प्लाजा के आसपास चाकूबाज असामाजिक तत्वों की सक्रियता ने हाईवे पर यात्रा करने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।