अमेरिकी पत्रकार मैट फॉर्नी की विवादित पोस्ट: 2026 में भारतीयों एवं हिंदू मंदिरों पर हमलों की चेतावनी, निर्वासन की मांग

नई दिल्ली। अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ बढ़ती बयानबाजी के बीच दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट एवं पत्रकार मैट फॉर्नी ने सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट की है। उन्होंने चेतावनी दी कि 2026 में भारतीय-अमेरिकी समुदाय, उनके घर, व्यवसाय एवं हिंदू मंदिर बड़े पैमाने पर हिंसा का शिकार हो सकते हैं। फॉर्नी ने सभी भारतीयों को अमेरिका से निर्वासित करने की मांग की तथा दावा किया कि ये हमले श्वेत समुदाय द्वारा नहीं, बल्कि अफ्रीकी-अमेरिकी, हिस्पैनिक-अमेरिकी एवं पाकिस्तानी मूल के लोगों द्वारा किए जाएंगे। मीडिया इन अपराधों को दबाने की कोशिश करेगा। विवाद बढ़ने पर उन्होंने पोस्ट हटा दी।

फॉर्नी का प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीयों के खिलाफ नफरत फैलाने एवं निर्वासन की मांग का पुराना इतिहास रहा है। हाल ही में उन्हें मीडिया संस्थान द ब्लेज से निकाल दिया गया, जहां वे एच-1बी वीजा कार्यक्रम एवं भारतीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग कर रहे थे। वे लंबे समय से प्रवासियों, विशेष रूप से भारतीय मूल के लोगों के विरोधी रहे हैं तथा भारत विरोधी टिप्पणियां करते रहते हैं। पहले भी ऐसे बयानों के कारण उन्हें नौकरी से हटाया जा चुका है।

हाल ही में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ईटसी की सीईओ नियुक्त भारतीय-अमेरिकी कृति पटेल गोयल पर भी फॉर्नी ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि एक अयोग्य भारतीय ने अमेरिकी कंपनी संभाल ली तथा उसका पहला कदम अमेरिकियों को निकालकर भारतीयों को नियुक्त करना होगा।

फॉर्नी ने भारतीय-अमेरिकियों की जान बचाने एवं देश में सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी को भारत वापस भेजने की बात कही। डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद अमेरिका में प्रवासियों, विशेष रूप से भारतीयों के खिलाफ बयानबाजी तेज हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *