दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कोल्हियापुरी निवासी उत्तरा देशमुख के रूप में हुई है। वह केपीएस स्कूल, दुर्ग में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थी। घटना पुलगांव थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर से स्कूल ड्यूटी के लिए निकली थी। सुबह लगभग 7 बजे पुलगांव चौक में पैदल सड़क पार करते समय अचानक एक अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची और मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की।
पुलगांव थाना प्रभारी अमित अदानी ने बताया कि 50 वर्षीय उत्तरा देशमुख सुबह करीब 7 बजे अपने कार्यस्थल जा रही थी, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।