रायपुर, 21 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ी फिल्मों का सफर कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य पर विचार साझा किए।
मुख्यमंत्री साय ने संबोधन में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के गठन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के योगदान का स्मरण किया और कहा कि छालीवुड की मजबूत नींव रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने निगम के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय राजेश अवस्थी का पुण्य स्मरण करते हुए उनके असामयिक निधन को छत्तीसगढ़ी सिनेमा और पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने निगम की वर्तमान अध्यक्ष मोना सेन को अनुभवी, कर्मठ और समर्पित कलाकार बताते हुए उनके नेतृत्व में छालीवुड के चहुंमुखी विकास का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ी फिल्में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की संस्कृति, कला और पहचान को सशक्त रूप से स्थापित करेंगी।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1957 से फिल्मों का निर्माण शुरू हुआ। भूलन कांदा उपन्यास पर आधारित फिल्म भूलन द मेज को प्राप्त राष्ट्रीय पुरस्कार को पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा की जड़ें लोक संस्कृति, लोककथाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी हैं, जो इसे विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं। यह हमारी लोकसंस्कृति और अस्मिता का जीवंत दस्तावेज है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ी फिल्मों के विकास के प्रति पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का निर्माण हो रहा है, जिसके लिए 150 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने छालीवुड के स्वर्णिम भविष्य पर विश्वास जताते हुए कहा कि फिल्म उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।