आरक्षक भर्ती विवाद पर गृह मंत्री विजय शर्मा की अभ्यर्थियों से वन-टू-वन चर्चा



रायपुर। पुलिस आरक्षक भर्ती को लेकर सामने आई शिकायतों के समाधान के लिए गृह मंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को अभ्यर्थियों से अपने बंगले में वन-टू-वन चर्चा की। इससे पहले जब अभ्यर्थियों को बंगले के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं मिली, तो गृह मंत्री स्वयं बाहर आए, उनसे बातचीत की और फिर उन्हें चर्चा के लिए अंदर आमंत्रित किया।

गौरतलब है कि पुलिस विभाग में 5,967 पदों के लिए सितंबर माह में भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों और विपक्षी दलों ने गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को चर्चा के लिए बुलाया था। इससे पहले 19 और 20 दिसंबर को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्तर पर भी अभ्यर्थियों से शिकायतों को लेकर चर्चा की जा चुकी है।

आरक्षक भर्ती में कथित गड़बड़ियों को लेकर मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों की शिकायतों को सुना जा रहा है। यदि प्रावधानों के विपरीत कोई गलती पाई जाती है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि त्रुटि होगी तो सुधार किया जाएगा और आगे और रिक्तियां भी निकाली जाएंगी।

वहीं, केरल में छत्तीसगढ़ के एक युवक को बांग्लादेशी समझकर पीट-पीटकर मार दिए जाने की घटना पर गृह मंत्री ने कहा कि इस घटना को लेकर समाज में आक्रोश है। यह बेहद दुखद मामला है और छत्तीसगढ़ सरकार हर स्तर पर पीड़ित परिवार को सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *