रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल की कार्यवाही बाधित होने पर स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विपक्षी सदस्यों के व्यवहार को अनुचित बताते हुए उसकी निंदा की।
स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस विधायकों द्वारा सीने पर पोस्टर लगाकर सदन में आने पर सत्तापक्ष के विधायकों ने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकहित से जुड़े विषयों पर सदन की कार्यवाही को बाधित करना निंदनीय है। विपक्षी सदस्य संसदीय कार्यवाही के जानकार हैं, इसके बावजूद जिस तरह का आचरण किया गया, वह अमर्यादित है। स्पीकर ने कहा कि आगे का निर्णय वे विपक्षी सदस्यों के विवेक पर छोड़ते हैं।