जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बस्तर ओलंपिक 2025 के संभाग स्तरीय आयोजन का शुभारंभ किया।
इस आयोजन में बस्तर संभाग के सात जिलों—कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर तथा कोंडागांव—के सैकड़ों खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। विशेष रूप से सरेंडर किए नक्सलियों तथा नक्सल हिंसा पीड़ित परिवारों के सदस्य भी प्रतियोगिता में शामिल हैं।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि सात जिलों की सात टीमों के अलावा आठवीं टीम ‘नुआ बाट’ सरेंडर्ड नक्सलियों एवं पीड़ित परिवारों की है। पिछले वर्ष 350 खिलाड़ी थे, जबकि इस बार कुल 761 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से इनका मनोबल बढ़ेगा तथा मुख्यधारा में जुड़ाव मजबूत होगा।