पणजी। भारत के अनुरोध पर थाईलैंड पुलिस ने फुकेट में नाइटक्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा को हिरासत में ले लिया है। गोवा के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के फाउंडर लूथरा ब्रदर्स पर 6 दिसंबर को हुई आगजनी में 25 लोगों की मौत के मामले में आरोप है। हादसे के बाद दोनों फरार हो गए थे।
घटना में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हुई तथा कई घायल हुए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए, ताकि वे फुकेट से कहीं और न भाग सकें। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम प्रत्यर्पण प्रक्रिया को सरल बनाएगा। इंटरपोल ने मंगलवार को दोनों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था।
सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि विदेश मंत्रालय को पासपोर्ट रद्द करने का औपचारिक अनुरोध गोवा सरकार ने भेजा था। इस हिरासत को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
कोर्ट ने बुधवार को लूथरा ब्रदर्स की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी तथा सुनवाई गुरुवार के लिए तय की। सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ लूथरा तथा तनवीर अहमद मीर ने उनकी पैरवी की। वकील ने अदालत में कहा कि क्लाइंट भारत लौटना चाहते हैं, लेकिन गिरफ्तारी तथा विच-हंटिंग का डर है।