महाराष्ट्र: सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में 5 करोड़ के सोने की चोरी, रेल सुरक्षा पर सवाल, पुलिस जांच में जुटी

मुंबई। सोलापुर से मुंबई आ रही सिद्धेश्वर एक्सप्रेस के एसी कोच में पांच करोड़ रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुंबई निवासी अभयकुमार जैन की लॉक्ड ट्रॉली बैग रातोंरात गायब हो गई, जिसमें करीब पांच किलोग्राम सोना भरा था। यह घटना छह और सात दिसंबर की मध्यरात्रि सोलापुर-कल्याण खंड पर हुई।

अभयकुमार जैन अपनी बेटी के साथ एसी कोच ए-1 में बर्थ नंबर 49 और 51 पर यात्रा कर रहे थे। उनके पास दो ट्रॉली बैग थे, जिनमें से एक ब्लू-ब्लैक रंग की अमेरिकन टूरिस्टर बैग में करोड़ों के सोने के आभूषण भरे हुए थे। बैग को पूरी तरह लॉक करके उन्होंने बर्थ के नीचे रखा था। सात दिसंबर की सुबह जब ट्रेन कल्याण के निकट पहुंची, तो उनकी नींद खुली।

उन्होंने पाया कि पांच किलोग्राम सोने वाला बैग गायब है। उन्होंने तुरंत टीटीई विक्रम मीणा को सूचना दी और रेल मदद सेवा पर संपर्क किया। चूंकि ट्रेन कल्याण के करीब थी, इसलिए उन्हें सीधे वहां की जीआरपी के हवाले कर दिया गया। जीआरपी ने तत्काल चोरी का मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। कोच, प्लेटफॉर्म तथा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *