नेपाल के पर्सा और बारा जिलों में भारत सीमा पर कड़ी निगरानी, रोहिंग्या घुसपैठ की आशंका

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के पर्सा और बारा जिलों के प्रशासन ने खुली सीमा के माध्यम से बांग्लादेशी एवं रोहिंग्या नागरिकों के संभावित अवैध प्रवेश की आशंका को देखते हुए सीमा क्षेत्रों में उच्च स्तर की सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

पर्सा जिला प्रशासन कार्यालय द्वारा जारी सूचना में विभिन्न संचार माध्यमों तथा प्राप्त ध्यानाकर्षण और ज्ञापन पत्रों के आधार पर यह आशंका जताई गई है कि भारत के रास्ते पहचान छिपाकर संदिग्ध विदेशी नागरिक नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश कर सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए वीरगंज सहित पूरे पर्सा जिले के सीमा नाकों पर नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल ने जांच एवं निगरानी को और सख्त कर दिया है। इसकी पुष्टि पर्सा के सहायक प्रमुख जिला अधिकारी विनोद कुमार पोखरेल ने की।

इसी क्रम में बारा जिला प्रशासन ने भी सभी सुरक्षा निकायों को परिपत्र जारी कर सीमा क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। भारत के साथ लगभग 60 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करने वाले बारा जिले में भी समान स्तर की सतर्कता लागू की गई है।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति को घर में ठहरने न दें, न ही उन्हें किसी कार्य में नियोजित करें तथा ऐसे व्यक्ति दिखने पर तत्काल निकटतम सुरक्षा निकाय को सूचित करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *