कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 स्थित यार्ड में सोमवार को दुर्घटना राहत वैन पर पेंटिंग कर रहे कर्मचारी श्याम चौहान (25) ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) लाइन की चपेट में आ गया। हाई वोल्टेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
पेटी ठेकेदार को दी गई पेंटिंग के दौरान कर्मचारी वैन की छत पर कार्य कर रहा था। सूचना के अनुसार लाइन बंद करने के बाद कार्य शुरू किया गया था, लेकिन अचानक किसी ने विद्युत आपूर्ति चालू कर दी, जिससे यह हादसा हुआ। इसे गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।
मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। आरपीएफ अधिकारी एसके शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विद्युत लाइन बंद करने की प्रक्रिया में चूक सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।