देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून के एफआरआई मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने राज्य को 8000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं से प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और सामाजिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उत्तराखंड की संस्कृति और प्रगति की झलक
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया, जिनमें राज्य की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और औद्योगिक संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया था।
प्रधानमंत्री ने अपना संबोधन गढ़वाली बोली में शुरू करते हुए कहा —
“मैं आप सबको उत्तराखंड की रजत जयंती पर बहुत-बहुत बधाई देता हूं। इस अवसर पर उन सभी बलिदानियों को नमन करता हूं, जिन्होंने राज्य आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति दी। साथ ही सभी आंदोलनकारियों का अभिनंदन करता हूं, जिनके संकल्प और संघर्ष से यह राज्य अस्तित्व में आया।”
‘25 साल में बदल गई उत्तराखंड की तस्वीर’
पीएम मोदी ने कहा कि 25 वर्ष पहले जब उत्तराखंड नया-नया राज्य बना था, तब साधन और बजट सीमित थे। लेकिन आज, राज्य ने हर क्षेत्र में अद्भुत प्रगति की है।
उन्होंने बताया कि
“राज्य गठन के समय उत्तराखंड का बजट लगभग 4 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये हो गया है। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश ने विकास की दिशा में लंबी छलांग लगाई है।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि राज्य ने पर्यटन, तीर्थाटन और उद्योगों में उल्लेखनीय प्रगति की है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिला है।

युवाओं और उद्यमियों पर गर्व
पीएम मोदी ने कहा कि जब उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं और उद्यमियों से बात की, तो सभी ने गर्व से कहा कि राज्य विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड न सिर्फ हिमालय की गोद में बसे एक खूबसूरत राज्य के रूप में, बल्कि ‘विकसित भारत’ के प्रेरक राज्य के रूप में भी जाना जाएगा।