बिलासपुर। बिलासपुर में हुई भीषण रेल दुर्घटना पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कई यात्रियों की असमय मृत्यु और अनेक लोगों के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। विजय शर्मा ने कहा कि इस दुर्घटना से हुई जनहानि ने मन को गहराई से आहत किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ है। प्रशासन और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटी हैं। घायलों को तत्काल अस्पतालों में भर्ती कर उपचार कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह हादसा प्रदेश के लिए एक बड़ी क्षति है और सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ हालात पर नजर रखे हुए है। उन्होंने भरोसा जताया कि राहत एवं बचाव कार्य शीघ्र पूरा होगा और घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विजय शर्मा ने अपील की कि सभी लोग इस कठिन समय में एकजुट होकर प्रभावित परिवारों का सहयोग करें और प्रार्थना करें कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।