बादल छंटते ही तापमान में गिरावट, मौसम विभाग ने जताई ठंड की संभावना

रायपुर। चक्रवाती सिस्टम के असर से बने बादल अब धीरे-धीरे छंटने लगे हैं, जिसके चलते रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में हल्की ठंड का अहसास होगा, हालांकि इसका असर ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहेगा।

अरब सागर से नमीयुक्त हवा आने का क्रम अभी जारी है, जिसके कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बीते 24 घंटे में राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रविवार को आसमान साफ होने से दिन में तेज गर्मी महसूस की गई। वहीं रात में बादलों की मात्रा कम होने से तापमान में गिरावट की संभावना है। वर्तमान में रायपुर में रात का पारा 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। इसमें एक से दो डिग्री की कमी से ठंड का एहसास शुरू हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, ठंड की स्थिरता के लिए हवा की दिशा उत्तर-पूर्व होनी चाहिए, लेकिन फिलहाल अरब सागर से नमी भरी हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, जिससे मौसम में अस्थिरता बनी रहेगी। रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में आज का मौसम
राजधानी में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *