बीजापुर में 103 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, मुख्यमंत्री साय बोले – विकास और शांति की ओर निर्णायक कदम

रायपुर। बस्तर दशहरा से पहले सुरक्षा बलों ने बीजापुर जिले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विजयादशमी के दिन 103 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 और नियद नेल्ला नार योजना ने भटके हुए युवाओं में विश्वास जगाया है। पूना मारगेम अभियान से प्रेरित होकर आत्मसमर्पण करने वालों में 49 नक्सली ऐसे भी शामिल हैं जिन पर 1 करोड़ 6 लाख 30 हजार रुपए तक का इनाम घोषित था।

सरकार ने प्रत्येक आत्मसमर्पित नक्सली को नई शुरुआत के लिए 50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि अब तक 1890 से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जो सरकार की नीतियों की प्रभावशीलता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूर्ण उन्मूलन करना है। मुख्यमंत्री ने आत्मसमर्पित नक्सलियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और उज्ज्वल भविष्य देने का भरोसा भी दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *