दुर्ग। नवरात्रि पर्व के दौरान दुर्ग जिले के वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन एक विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के संस्कारों पर सवाल उठाए हैं।

लोकांगन परिसर में हुआ आयोजन
जानकारी के मुताबिक, भिलाई के शांति नगर स्थित लोकांगन परिसर में हर साल की तरह इस बार भी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसी दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम (गरबा नृत्य) में फिल्मी गाने बजाए गए। वायरल वीडियो में कुछ युवक-युवतियां इन गानों पर डांस करते दिख रहे हैं। डांस की शैली धार्मिक स्थल के लिहाज से आपत्तिजनक बताई जा रही है।

विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक रिकेश सेन खुद वहीं मौजूद हैं और कार्यक्रम का आनंद ले रहे हैं। वे जमीन पर बैठकर डांस देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कई यूजर्स ने इसे हिंदू संस्कृति के विरुद्ध बताते हुए आलोचना की है, वहीं कुछ ने सीधे विधायक को निशाने पर लिया है।
कांग्रेस का हमला
कांग्रेस ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर करते हुए भाजपा नेताओं पर हमला बोला। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा संस्कृति और परंपराओं की रक्षा का दावा करती है, लेकिन उनके ही विधायक धार्मिक आयोजनों को फूहड़ता का मंच बना रहे हैं।
हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।