जशपुर। जिले के कोतबा थाना क्षेत्र में ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुखबिर की सूचना पर चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत ग्राम बैगा बहार में 55 किलो गौवंश मांस के साथ रंगेहाथ 10 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। इसके बाद पुलिस ने उनका जुलूस निकालकर उन्हें जेल दाखिल कराया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश पर उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक आशीष तिवारी, चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, सहायक उप निरीक्षक अपलेजर खेस,प्रधान आरक्षक अजय खेस, छविकांत पैंकरा, संजय लकड़ा आरक्षक सुशील तिर्की, अमित, जेम्स एडवर्ड तिर्की, रघुराज रजक व महिला आरक्षक जया पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉक्टर लाल उमेद सिंह बताया कि कोतबा क्षेत्र से 55 किलो गौ मांस के साथ 10आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, कार्यवाही जारी है,ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा, सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी, ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है।
आरोपियों के पास से चाकू और 55 किलो मांस बरामद:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55 किलो गौ मांस बरामद किया। साथ ही आरोपियों के कब्जे से एक हीरो मोटरसाइकिल व टांगी, छुरी, रस्सी तथा गौ मांस बिक्री से प्राप्त 2000 रुपए को भी पुलिस ने किया जप्त।
पकड़े गए आरापियों में :
रंजीत एक्का (31) राकेश तिर्की (24), मेघनाथ तिर्की (41), विनय तिग्गा (26), अमलेश तिग्गा (32), हीरा लाल तिर्की (45) ग्राम बैगाबहार, चौकी कोतबा निवासी हैं। इसके अलावा मनमोहन तिग्गा (32), अब्राहम कुजूर (31) ग्राम रोक बहार चौकी कोतबा निवासी हैं। वहीं संजय तिग्गा (26) व अनूप भगत (21) निवासी हाई स्कूल पारा कोतबा, चौकी कोतबा सभी आरोपी जशपुर निवासी हैं।
इस तरह आए पुलिस के जाल में:
रविवार की सुबह लगभग 9 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपीगण क्रमशः रंजीत एक्का , राकेश तिर्की, मेघनाथ तिर्की, अमलेश तिग्गा, विनय तिग्गा व अन्य आरोपी जो कि ग्राम बैगा बहार व रोकबहार के रहने वाले हैं। सुबह करीबन 3 से 4 बजे के लगभग आरोपी रंजीत एक्का के एक गौ वंश को उसके साथ मिलकर वध करने के लिए चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत बैगाबहार बरगोड़ा में ले गए हैं। जहां वे गौ वंश का वध कर उसका मांस काटकर बना रहे हैं। जिसे कि वे लोग खाने के लिए अपने घर ले जाने वाले हैं। सूचना पर चौकी कोतबा पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम के साथ मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान आरोपी रंजीत एक्का के हीरो मोटर साइकल CG 13 W 8714 में एक बोरी में पुलिस को भारी मात्रा में गौ मांस मिला। इसके सभी आरोपियों ने गौवंश का मांस होने की बात कबूल की।