congress protest raipur : रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी खींचतान के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। राजीव भवन (कांग्रेस प्रदेश कार्यालय) के बाहर हुए हंगामे के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज कार्यकर्ताओं के साथ खम्हारडीह थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। पूरी रात थाने के बाहर टेंट लगाकर डटे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को तुरंत रद्द करने और भाजपा नेताओं के खिलाफ केस दर्ज करने की जिद पर अड़े हुए हैं।
दरअसल, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव किया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जोरदार झड़प और हंगामा देखने को मिला था। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम पर FIR दर्ज कर ली। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस प्रशासन राज्य सरकार के दबाव में एकतरफा कार्रवाई कर रहा है और मुख्य आरोपियों के बजाय कांग्रेसियों को निशाना बनाया जा रहा है।
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जब तक पुलिस अपने इस एकतरफा फैसले को वापस नहीं लेती और मामले में निष्पक्ष जांच कर भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करती, तब तक उनका यह आंदोलन खत्म नहीं होगा। थाने के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नजर बनाए हुए हैं।