छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा में फेरबदल: CS कार्यालय OSD पूनम सोनी बनीं उप सचिव, बिलासपुर से हटाए गए अभिषेक दीवान

रायपुर। राज्य सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के दो वरिष्ठ अधिकारियों को नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों के तहत मुख्य सचिव कार्यालय में पदस्थ पूनम सोनी के पदनाम में संशोधन किया गया है, वहीं बिलासपुर में तैनात अधिकारी अभिषेक दीवान का तबादला कर उन्हें मंत्रालय में नई जिम्मेदारी दी गई है।

पूनम सोनी अब मुख्य सचिव कार्यालय में उप सचिव

मुख्य सचिव कार्यालय में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के रूप में कार्यरत पूनम सोनी को अब ‘उप सचिव’ का पदनाम दिया गया है। राज्य सरकार ने 10 जून 2026 को उन्हें प्रवर श्रेणी वेतनमान (मैट्रिक्स लेवल-14) में क्रमोन्नति प्रदान की थी। इसी क्रमोन्नति के आधार पर उनके पदनाम में यह बदलाव किया गया है। हालांकि, उनके वर्तमान कार्यों और दिन-प्रतिदिन की जिम्मेदारियों में कोई परिवर्तन नहीं रहेगा।

अभिषेक दीवान भेजे गए सुशासन एवं अभिसरण विभाग

एक अन्य प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ अभिषेक दीवान का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें सुशासन एवं अभिसरण विभाग (मंत्रालय) में ओएसडी (OSD) के पद पर पदस्थ किया गया है। यह विभाग राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की मॉनिटरिंग और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने का काम करता है। दीवान आगामी आदेश तक इसी पद पर अपनी सेवाएं देंगे।

राज्यपाल के नाम से जारी हुआ आदेश

दोनों अधिकारियों से संबंधित आदेश राज्यपाल के नाम से पृथक-पृथक जारी किए गए हैं। पूनम सोनी के पदनाम संशोधन का आदेश सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव मनराखन भूआर्य ने जारी किया है, जबकि अभिषेक दीवान के स्थानांतरण का आदेश उप सचिव क्लेमेंटिना लकड़ा के हस्ताक्षर से जारी हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *