दिल्ली में ‘भारत व्यापार महोत्सव’ का महाकुंभ: CAIT की रायपुर बैठक में बना छत्तीसगढ़ से रिकॉर्ड सहभागिता का मास्टरप्लान

0दिल्ली में 12 से15 अगस्त तक होगा राष्ट्रीय महोत्सव 0
0 तैयारी हेतु प्रदेश कार्यालय रायपुर में 26 जिलों के अध्यक्ष एवं प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न 0
दिलीप गुप्ता
सरायपाली : देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, महामंत्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से

बताया कि देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) द्वारा 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले “भारत व्यापार महोत्सव” में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं रिकॉर्ड सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कैट छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय, रायपुर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने की। बैठक में सरगुजा से बस्तर तक प्रदेश के 26 जिलों के जिला अध्यक्षों एवं प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा प्रत्येक जिले से अधिकतम संख्या में बिजनेस डेलीगेट पंजीयन कराने का संकल्प लिया।


बैठक को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए अमर पारवानी , परमानंद जैन तथा अवनीत सिंह ने कहा कि “भारत व्यापार महोत्सव केवल एक ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, स्वदेशी उद्यमिता और वैश्विक व्यापार का सबसे बड़ा संगम है।” यह महोत्सव देश के व्यापारियों, उद्योगपतियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए व्यापारिक अवसरों का प्रवेश द्वार सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि महोत्सव में अनेक देशों के राजदूत, अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल, वैश्विक खरीदार, निवेशक, आयातक-निर्यातक, अग्रणी उद्योगपति, ई-कॉमर्स कंपनियां तथा देशभर के प्रमुख व्यापारिक संगठन एक मंच पर उपस्थित रहेंगे। इससे भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने, नए व्यापारिक संबंध स्थापित करने तथा निर्यात की संभावनाओं को मजबूत करने का अभूतपूर्व अवसर मिलेगा।
इस महोत्सव में भाग लेने वाले व्यापारियों को विश्वस्तरीय बिजनेस नेटवर्किंग, B2B बिजनेस मीटिंग्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऑटोमेशन, डिजिटल कॉमर्स, आधुनिक व्यापारिक तकनीकों, स्टार्टअप इकोसिस्टम, फ्रेंचाइजी मॉडल, ब्रांडिंग, नई मशीनरी, ई-कॉमर्स, इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट तथा वैश्विक व्यापार से जुड़ी नवीनतम जानकारियां एवं व्यावसायिक अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए ऐसे राष्ट्रीय मंचों से जुड़ना समय की आवश्यकता है।
भारत व्यापार महोत्सव छत्तीसगढ़ के व्यापारियों, उद्योगों, एमएसएमई, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, हस्तशिल्पियों तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त मंच बनेगा। प्रत्येक जिले में विशेष संपर्क एवं पंजीयन अभियान चलाकर अधिक से अधिक व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे प्रदेश के उत्पादों को नए बाजार और नए खरीदार मिल सकें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाकर व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवा उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स को भारत व्यापार महोत्सव से जोड़ा जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ की भागीदारी राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान स्थापित कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *