सक्ती में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का विशाल प्रदर्शन, वक्ताओं ने जमकर बोला हमला

आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष जागेश्वर सिंह राज के नेतृत्व में ग्राम दांडी में कांग्रेस का विशाल धरना-प्रदर्शन, केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर गरजे कांग्रेसजन

ग्राम दांडी में कांग्रेस का एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन, केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर गरजे कांग्रेसजन

शक्ति। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शक्ति (ग्रामीण) के तत्वावधान में ग्राम दांडी में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों, युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को सफल एवं प्रभावशाली बना दिया।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए लगातार दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधियों और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक स्थिति है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से विधायक प्रतिनिधि ठाकुर गुलजार सिंह, अमित कुमार राठौर, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष जागेश्वर सिंह राज, बंशीधर खंडे (जनपद उपाध्यक्ष), विधायक प्रतिनिधि एवं किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सादेश्वर कुमार गवेल, लखन राठौर, सहसराम कार्स, राजीव कुमार जायसवाल, मेदिनी नारायण मान्यवर, रूपनारायण साहू, श्याम कुमार सिद्धार्थ, गणेशाराम केवट, शैलेंद्र सिद्धार्थ, हीरा शाह यादव, संजय सिद्धार्थ, राठौड़ सरपंच, द्वारपाड़ा सरपंच सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राहुल गांधी को धरना स्थल से हटाए जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण आंदोलन और विरोध प्रदर्शनों को बलपूर्वक दबाने का प्रयास कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि छात्रों, युवाओं, किसानों एवं आम नागरिकों की आवाज को दबाकर लोकतंत्र को कमजोर नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में छात्र एवं युवा अपने अधिकारों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलनों को दबाने का प्रयास कर रहा है। इससे विद्यार्थियों एवं देशवासियों में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की आर्थिक, सामाजिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने अपनी बात रखी। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही है।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने, विपक्ष की आवाज को दबाने की कार्रवाई बंद करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने की मांग की। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि देश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से उचित समय पर जनविरोधी नीतियों का जवाब देगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान पूरे कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *