सोनहत पहुंचे नव पदस्थ एसपी हरीश राठौर, थाना निरीक्षण के साथ नौगई हत्याकांड के घटनास्थल का लिया जायजा

कोरिया। जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने शुक्रवार को थाना सोनहत का आकस्मिक निरीक्षण किया। अपने पहले दौरे के दौरान उन्होंने बहुचर्चित नौगई हत्याकांड के घटनास्थल का भी निरीक्षण कर मामले की प्रगति की जानकारी ली तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात तथा सीसीटीएनएस कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर जोर देते हुए लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं गुमशुदगी के मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों की विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी राठौर ने थाना क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों की जानकारी ली और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कटगोड़ी गांव में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, स्थानीय जनप्रतिनिधियों विशेषकर सरपंच से समन्वय बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा। साथ ही क्षेत्र में रहने वाले सभी किरायेदारों का पुलिस सत्यापन समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील, विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महिला, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान एसपी ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, स्थायी वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गुण्डा, बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर निरंतर निगरानी बनाए रखने पर भी बल दिया।

भ्रमण के अंत में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और कानून के प्रति विश्वास कायम रखना है। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर, थाना प्रभारी, विवेचक एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *