छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। टिकरापारा थाना इलाके के संजय नगर में आर्थिक तंगी और भारी कर्ज से परेशान एक शख्स ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी पत्नी और तीन बच्चों की जान ले ली और फिर खुद फांसी के फंदे पर लटक गया। मृतकों में 10 से 15 साल के तीन मासूम बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) शामिल हैं। एक ही घर से पांच लाशें मिलने के बाद से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
खिड़की से झांका तो उड़ गए होश
संजय नगर के रहने वाले मोहम्मद जहीर के मकान में सैयद साजिद खान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराए पर रहता था। साजिद मौदहापारा की एक बैटरी दुकान में मैकेनिक का काम करता था। शुक्रवार को दिनभर साजिद के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद रहा और कोई हलचल नहीं हुई। देर रात जब पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ, तो उन्होंने खिड़की से कमरे के भीतर झांका। अंदर साजिद का शव फंदे पर लटक रहा था, जिसके बाद तुरंत पुलिस को इत्तिला दी गई।
खाने में जहर देकर मारने की आशंका
मौके पर पहुंची टिकरापारा पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर बेहद खौफनाक था। साजिद फंदे पर झूल रहा था और बेड पर उसकी पत्नी व तीनों बच्चे बेजान पड़े थे। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को अंदेशा है कि साजिद ने पहले पूरे परिवार को खाने में कोई नशीली चीज या जहर मिलाकर दिया और जब उनकी मौत हो गई, तो उसने खुदकुशी कर ली। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
मोटे ब्याज पर लिया था कर्ज
शुरुआती पूछताछ और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, साजिद पिछले काफी समय से भयंकर आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। उसने कुछ लोगों से भारी ब्याज पर कर्ज ले रखा था। कर्जदार लगातार पैसे लौटाने का दबाव बना रहे थे, जिसे चुकाने में वह पूरी तरह असमर्थ था। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से सबूत जुटाए हैं। साजिद का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है, ताकि उसकी कॉल डिटेल्स और चैट से घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके।