धुरंधर 2 की सफलता के बाद रणवीर सिंह अब अपनी अगली बड़ी फिल्म प्रलय को लेकर चर्चा में हैं। जय मेहता के निर्देशन में बन रही यह फिल्म एक जॉम्बी थ्रिलर बताई जा रही है। मेकर्स इसे रणवीर के करियर की सबसे शानदार और बड़ी फिल्म बनाने की कोशिश कर रहे हैं। फिल्म का बजट करीब 300 करोड़ रुपये तय किया गया है, जिससे साफ है कि इसे बड़े पैमाने पर पर्दे पर उतारा जाएगा।
कार्तिक आर्यन से मिलेगी कड़ी चुनौती
रणवीर सिंह की इस फिल्म को टक्कर देने के लिए कार्तिक आर्यन पूरी तरह तैयार हैं। कार्तिक भी जल्द ही एक जॉम्बी थ्रिलर फिल्म लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन साउथ के जाने-माने डायरेक्टर विष्णुवर्धन कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कार्तिक की फिल्म पर काम बहुत तेजी से चल रहा है और यह अगले महीने फ्लोर पर जा सकती है। मेकर्स इसे 2027 की शुरुआत में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।

रिलीज को लेकर रेस
जहां कार्तिक आर्यन अपनी फिल्म को समय से पहले पूरा करने की कोशिश में हैं, वहीं रणवीर सिंह अपनी फिल्म प्रलय की शूटिंग अगस्त या सितंबर में शुरू करेंगे। इसके बाद फिल्म का बचा हुआ तकनीकी काम अगले साल तक चलेगा। हालांकि कार्तिक की फिल्म का बजट रणवीर की फिल्म जितना ज्यादा नहीं है, लेकिन दोनों के एक ही तरह की कहानी वाली फिल्म लाने से बॉक्स ऑफिस पर टकराव तय माना जा रहा है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों में से कौन सा सितारा दर्शकों को अपनी जॉम्बी कहानी से ज्यादा प्रभावित कर पाता है।