स्कूल-कॉलेजों के बाहर पिंक पेट्रोल की सख्ती, छात्राओं की सुरक्षा के लिए रोजाना निगरानी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल से स्कूलों के आसपास बढ़ी सुरक्षा, संदिग्ध युवकों पर कार्रवाई

रमेश गुप्ता

रायपुर। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पिंक पेट्रोल यूनिट के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। कमिश्नरेट के सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट जोन की पिंक पेट्रोल टीमें प्रतिदिन स्कूलों और कॉलेजों के खुलने एवं छुट्टी के समय नियमित गश्त कर रही हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिल सके।

स्कूलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर
पिंक पेट्रोल की टीमें शैक्षणिक संस्थानों के परिसर और आसपास लगातार निगरानी रख रही हैं। इस दौरान छात्राओं को असहज करने, बिना वजह भीड़ लगाने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों को मौके से हटाकर सख्त समझाइश दी जा रही है। पुलिस ने ऐसे लोगों को भविष्य में स्कूल-कॉलेजों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं आने की चेतावनी भी दी है। कुछ मामलों में सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए उठक-बैठक कराकर भी चेतावनी दी गई।

छात्राओं और अभिभावकों में बढ़ा भरोसा
कमिश्नरेट की इस पहल का सकारात्मक असर अब स्कूलों और कॉलेजों में दिखाई देने लगा है। छात्र-छात्राओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है, वहीं विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने भी पुलिस की नियमित मौजूदगी की सराहना की है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों के आसपास पुलिस की सक्रिय निगरानी से बच्चों की सुरक्षा को लेकर उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।

सुरक्षित और भयमुक्त माहौल बनाना उद्देश्य
रायपुर पुलिस commissioner डॉ संजीव शुक्ला का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार करना भी है। इसी दिशा में पिंक पेट्रोल यूनिट नियमित गश्त, जनजागरूकता और आवश्यकता पड़ने पर वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कमिश्नरेट ने भरोसा दिलाया है कि आमजन की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस हर समय सतर्क और प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *