चीन की कंपनी StepFun ने स्मार्टफोन की दुनिया में एक बड़ा बदलाव पेश किया है। कंपनी ने दुनिया का पहला एजेंटिक स्मार्टफोन StepX Neo लॉन्च करने का दावा किया है। यह फोन साधारण मोबाइल से काफी अलग है। इसमें इस्तेमाल की गई तकनीक इसे एक समझदार साथी की तरह काम करने की क्षमता देती है।
फोन का खास ऑपरेटिंग सिस्टम
इस नए फोन में Step AOS नाम का ऑपरेटिंग सिस्टम दिया गया है। इसे मोबाइल के हार्डवेयर और अंदरूनी सॉफ्टवेयर के साथ इस तरह जोड़ा गया है कि फोन खुद फैसले लेने में सक्षम है। इसमें Amoo नाम का एक डिजिटल साथी दिया गया है। कंपनी का कहना है कि यह केवल कुछ फीचर जोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से एक नया अनुभव है।
कैसे अलग है यह फोन
आज के समय में हम जो स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, उनमें हमें हर छोटे काम के लिए निर्देश देने पड़ते हैं। अगर आपको कैब बुक करनी है, फोटो एडिट करनी है या फिर टिकट खरीदना है, तो हर बार अलग-अलग बटन दबाने पड़ते हैं। यह नया फोन इन सब कामों को खुद समझकर अंजाम दे सकता है।

इसे हर कदम पर अलग से कमांड देने की जरूरत नहीं पड़ती है। यह तकनीक मोबाइल इस्तेमाल करने के तरीके को पूरी तरह से बदलने का दम रखती है। अभी तक स्मार्टफोन की दुनिया में सिर्फ फीचर्स बढ़ाने की होड़ मची थी, लेकिन अब यह लड़ाई फोन की समझदारी पर आकर टिक गई है।