रमेश गुप्ता
भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) में रविवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ड्यूटी के दौरान करंट लगने से जूनियर इंजीनियर असिस्टेंट विनोद कुमार यादव (38 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे संयंत्र और कर्मचारी वर्ग में शोक की लहर दौड़ गई है।
30 से 40 फीट की ऊंचाई पर हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली नगर निवासी विनोद कुमार यादव यूआरएम में जूनियर इंजीनियर असिस्टेंट के पद पर तैनात थे। रविवार को वे दूसरी पाली (सेकंड शिफ्ट) की ड्यूटी पर थे। शाम करीब 4:30 बजे वे ओवरहेड क्रेन के निरीक्षण और तकनीकी काम के लिए लगभग 30 से 40 फीट की ऊंचाई पर चढ़े थे। इसी दौरान वे अचानक हाई वोल्टेज डीसी (DC) करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गए।
20 मिनट तक ऊंचाई पर फंसे रहे, रेस्क्यू में हुई देरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करंट लगने के बाद विनोद कुमार यादव काफी देर तक ऊंचाई पर ही फंसे रहे। रेस्क्यू टीम को उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने में करीब 15 से 20 मिनट का समय लग गया। नीचे उतारने के बाद उन्हें तुरंत संयंत्र के भीतर स्थित मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, अस्पताल पहुंचे परिजन
सेक्टर-9 अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने विनोद कुमार यादव का गहन परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। संयंत्र के बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी भी शोक व्यक्त करने अस्पताल पहुंचे।
प्रबंधन ने शुरू की जांच, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद बीएसपी प्रबंधन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। हालांकि प्रारंभिक तौर पर मामला करंट लगने का ही है, लेकिन तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह साफ हो पाएगी। इस घटना ने संयंत्र के भीतर ऊंचाई पर काम करने के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था और ‘शटडाउन’ के नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, विवेचना जारी
भिलाई नगर सी एस पी सत्य प्रकाश तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बीएसपी सेक्टर-9 अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। चूंकि मृतक बीएसपी का नियमित कर्मचारी था, इसलिए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।