भिलाई नगर निगम की बड़ी पहल: संपत्तिकर में पारदर्शिता के लिए बीएसपी क्षेत्र में भवनों का व्यापक सर्वे शुरू!

रमेश गुप्ता भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई ने संपत्तिकर निर्धारण को अधिक पारदर्शी, सटीक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम पहल करते हुए बीएसपी क्षेत्र में भवनों और भूमि का व्यापक सर्वे अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत प्रत्येक संपत्ति का वास्तविक क्षेत्रफल, निर्माण की स्थिति और अन्य आवश्यक विवरण का भौतिक सत्यापन किया जाएगा, ताकि वास्तविक निर्माण के आधार पर संपत्तिकर निर्धारित किया जा सके।
नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान की शुरुआत सेक्टर-6 स्थित एमजीएम स्कूल के समीप एवेन्यू-ए मार्ग से की गई। निगम की राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भवनों का माप-जोख किया और आवश्यक अभिलेख तैयार किए।


निगम अधिकारियों के अनुसार, सर्वे का उद्देश्य संपत्तिकर निर्धारण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना, कर संबंधी विसंगतियों को दूर करना तथा निगम के राजस्व तंत्र को अधिक प्रभावी बनाना है। सर्वे के आधार पर संपत्तियों का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे कर निर्धारण वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो सके।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। आगामी दिनों में बीएसपी क्षेत्र के सभी सेक्टरों में चरणबद्ध तरीके से सर्वे किया जाएगा, जिसके लिए राजस्व विभाग की टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सर्वे अभियान के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम, सहायक राजस्व निरीक्षक प्रहलाद लहरे सहित राजस्व अमले के गणित बद्येल, टेकराम हरिन्द्रवार और प्रकाश महलवार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर भवनों का माप लेकर आवश्यक दस्तावेज तैयार किए और सर्वे कार्य का निरीक्षण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *