पहले छत से फेंका, जिंदा बचा तो पत्नी ने कैनुला से दे दिया टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन; पति की मौत

तेलंगाना | 7 जुलाई, 2026 : Telangana Murder Case : तेलंगाना के निजामाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की यह साजिश इतनी खौफनाक थी कि पहले पति को छत से नीचे धकेला गया और जब उसकी जान बच गई, तो अस्पताल से घर लाकर उसके हाथ में लगे कैनुला (नसों में दवा चढ़ाने वाला पाइप) के जरिए टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा का इंजेक्शन दे दिया गया, जिससे तड़पकर उसकी मौत हो गई।

विदेश से लौटा था पति, मां की शिकायत पर खुला राज

मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है, जो गल्फ (खाड़ी देश) में काम करता था। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रशांत की मां ने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मां ने पुलिस को बताया कि उन्हें 30 जून को अचानक अपने बेटे की मौत की खबर मिली, जबकि उन्हें यह भनक तक नहीं थी कि उनका बेटा विदेश से घर वापस आ चुका है। बेटे की मौत को रहस्यमयी बताते हुए मां ने अपनी बहू पर हत्या का शक जताया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।

अवैध संबंध के चलते रची गई मर्डर की साजिश

पुलिस की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच में सामने आया कि प्रशांत की पत्नी संध्या का अनिल नाम के एक स्थानीय व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों को लगता था कि प्रशांत उनके रिश्ते के बीच की सबसे बड़ी बाधा है, इसलिए उन्होंने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के लिए उन्होंने वेंकट साई नाम के एक तीसरे शख्स को भी अपने साथ मिलाया।

छत से गिराने के बाद भी नहीं मरा, तो घर में दिया टॉयलेट क्लीनर का डोज

तय योजना के मुताबिक, 29 जून को वेंकट साई प्रशांत के घर पहुंचा और उसे भारी मात्रा में शराब पिलाई। जब प्रशांत पूरी तरह नशे में धुत्त हो गया, तो साई उसे घर की छत पर ले गया और वहां से नीचे धक्का दे दिया। इस हादसे में प्रशांत को गंभीर चोटें आईं लेकिन उसकी जान बच गई। संध्या और साई उसे इलाज के लिए पहले सरकारी और फिर निजी अस्पताल ले गए, लेकिन साजिश के तहत उसे वापस घर ले आए। घर आने के बाद, प्रेमी अनिल के निर्देश पर संध्या ने प्रशांत के हाथ में लगे कैनुला के रास्ते सीधे टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा का इंजेक्शन शरीर में डाल दिया। इसके बाद उसे खाट से नीचे गिरा दिया गया, जिससे उसने दम तोड़ दिया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक हिरासत में

पुलिस की कड़ाई से हुई पूछताछ में संध्या, उसके प्रेमी अनिल और मददगार वेंकट साई ने अपना गुनाह पूरी तरह स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *