क्रिकेट के खेल में एक विकेट लेना भी बड़ी उपलब्धि माना जाता है। अगर कोई गेंदबाज लगातार 3 विकेट ले ले, तो इसे हैट्रिक कहा जाता है। लेकिन श्रीलंका के स्टार खिलाड़ी दासुन शनाका ने इससे भी बढ़कर कमाल कर दिया है। उन्होंने अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट यानी एमएलसी में एक ही ओवर की लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट झटककर इतिहास रच दिया है।
एमएलसी में हुआ रोमांचक मुकाबला
सीटल ओर्कस की तरफ से खेल रहे शनाका का सामना टेक्सास सुपर किंग्स से था। यह मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। जीत के लिए टेक्सास की टीम को 121 रनों की जरूरत थी। अंतिम ओवर में शनाका को 15 रनों का बचाव करना था। पहली गेंद पर चौका पड़ने के बाद ऐसा लगा कि मैच हाथ से निकल जाएगा, लेकिन शनाका ने इसके बाद जो किया, उसने सबको हैरान कर दिया।
शनाका की घातक गेंदबाजी
दासुन शनाका ने दूसरी गेंद पर केवल 1 रन दिया और फिर अगली 4 गेंदों पर लगातार 4 शिकार किए। उन्होंने सेट बल्लेबाज डोनोवान फेररा को आउट करने के बाद काल्विन सावेज और एडम मिल्ने को चलता कर अपनी हैट्रिक पूरी की। पारी की अंतिम गेंद पर अमसी डी सिल्वा को पवेलियन भेजकर उन्होंने अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई। टेक्सास की पूरी टीम 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 112 रन ही बना सकी।
मुश्किल रही बल्लेबाजों की राह
इस मुकाबले में पिच का मिजाज बल्लेबाजों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। दोनों ही टीमों के बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने के लिए संघर्ष करते दिखे। सीटल ओर्कस की तरफ से भी कोई खिलाड़ी अर्धशतक तक नहीं पहुंच पाया। सीटल के लिए कैमरन गेनन ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। गेंदबाजी की बात करें तो टेक्सास की तरफ से अमशी डी सिल्वा ने 3 और एडम मिल्ने ने 2 विकेट लिए। हालांकि, अंत में शनाका का जादू पूरी तरह से छाया रहा और उन्होंने मैच का रुख पलट दिया।