रमेश गुप्ता
दुर्ग। लगातार बारिश के बीच रायपुर–दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सड़क पर पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है और हाईवे पर जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। हालात को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने यातायात का दबाव कम करने के लिए कई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। साथ ही निर्माण कार्य के कारण बंद सिरसा गेट मार्ग का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई है।
सिरसा गेट मार्ग पूरी तरह बंद, वैकल्पिक रास्ता नहीं
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य के चलते सिरसा गेट मार्ग पूरी तरह बंद है। ऐसे में इस मार्ग को किसी भी स्थिति में वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। पुलिस ने लोगों से इस मार्ग पर जाने से बचने की अपील की है, ताकि अनावश्यक परेशानी और जाम की स्थिति न बने।
हाईवे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और आवश्यकता के अनुसार डायवर्सन लागू कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है, जिससे जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग
राजनांदगांव की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होकर रायपुर भेजा जा रहा है।
बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होकर रायपुर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई अथवा नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों को अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होकर रायपुर जाने की सलाह दी गई है।
वहीं भिलाई एवं भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग निर्धारित किया गया है।
यात्रा से पहले समय का रखें ध्यान
यातायात एडिशनल एसपी रिचा मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि रायपुर की ओर यात्रा करने से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सिरसा गेट मार्ग बंद होने के कारण वहां जाने का प्रयास न करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों और डायवर्सन व्यवस्था का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात बनाए रखने में सहयोग दें।