भोपाल। राम मंदिर चंदा चोरी के मामले पर मध्य प्रदेश में सियासत पूरी तरह गरमा गई है। इस विवाद के बीच सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का एक बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा है कि राम मंदिर निर्माण के लिए उन्होंने भी चंदा दिया था। अब चंदा चोरी के इस मामले में वह कानूनी रास्ता अपनाएंगे और सीधे अयोध्या जाकर मामला दर्ज कराएंगे। इसके साथ ही उन्होंने उज्जैन से अयोध्या तक एक बड़ी पदयात्रा निकालने का भी ऐलान किया है।
वकील के साथ अयोध्या जाएंगे दिग्विजय सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी रणनीति बताते हुए कहा कि वह पांच और छह जुलाई को अयोध्या का दौरा करेंगे। इस दौरान उनके साथ वकीलों की एक टीम भी होगी। वह अयोध्या पहुंचकर चंदा चोरी के मामले में बकायदा केस दर्ज कराएंगे। दिग्विजय सिंह का कहना है कि उन्होंने खुद जो चंदा दिया था, वह भी चोरी हुआ है। इसलिए एक आम नागरिक और चंदा देने वाले के नाते वह यह केस दर्ज कराने जा रहे हैं।

घर के बाहर लगाया चंदा चोरों की एंट्री बैन का पोस्टर
सियासी विरोध दर्ज कराने के लिए दिग्विजय सिंह ने एक अनोखा कदम उठाया है। उन्होंने भोपाल में अपने सरकारी बंगले के बाहर एक बड़ा पोस्टर लगा दिया है। इस पोस्टर पर लिखा है कि चंदा चोरों का प्रवेश वर्जित है। इसके साथ ही पोस्टर पर जय सियाराम लिखा हुआ है। पोस्टर में साफ तौर पर कहा गया है कि देश की आस्था के प्रतीक भगवान श्री राम के मंदिर निर्माण के लिए जनता ने जो चंदा दिया, उसे चुराने वालों की उनके घर में कोई जगह नहीं है। इस पोस्टर में भगवान राम, भगवान शिव, महात्मा गांधी और राहुल गांधी की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी अपील की है कि वे अपने इलाकों के मंदिरों के बाहर चंदा चोरों से सावधान रहने के पोस्टर लगाएं।
गांधी जयंती से शुरू होगी उज्जैन से अयोध्या तक की पदयात्रा
चंदा चोरी के मुद्दे को जनता के बीच ले जाने के लिए दिग्विजय सिंह ने पदयात्रा का पूरा प्लान तैयार कर लिया है। यह यात्रा दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर उज्जैन से शुरू होगी और अयोध्या तक जाएगी। खास बात यह है कि इस पदयात्रा को राजनीतिक रंग से दूर रखने की कोशिश की गई है। दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि इस यात्रा में कांग्रेस पार्टी के किसी भी झंडे का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस यात्रा को जन आंदोलन बताते हुए आम जनता से भी इसमें शामिल होने की अपील की है।