खाद-बीज की किल्लत पर कांग्रेस का हल्ला बोल, ‘लेम्पस चलो अभियान’ के तहत चारामा और कोरतरा लेम्पस का घेराव

कांग्रेसियो सहित किसानों ने सौंपा ज्ञापन, समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग*

किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं’, मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

चारामा, खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद एवं बीज की हो रही भारी किल्लत तथा कृषि संबंधी अन्य समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा ने मंगलवार को “लेम्पस चलो अभियान” के तहत चारामा और कोरतरा लेम्पस का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में किसानों ने लेम्पस पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए खाद-बीज की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि खरीफ फसलों की बुआई का समय चल रहा है, लेकिन किसान पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज नहीं मिलने से परेशान हैं। समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं होने के कारण खेती प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, किंतु वर्तमान व्यवस्था किसानों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।


उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जिले के सभी लेम्पसों में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज का भंडारण किया जाए, वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जाए तथा किसानों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की अन्य कृषि संबंधी समस्याओं का भी त्वरित निराकरण किया जाना चाहिए, ताकि समय पर खेती का कार्य प्रभावित न हो।


विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और समय पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी किसानों की आवाज बुलंद करती रहेगी।


ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा के अध्यक्ष हिरवेन्द्र साहू, पूर्व सदस्य गौ सेवा आयोग नरेन्द्र यादव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सत्तार खान,मंडल अध्यक्ष चारामा रानू कमलेश सेन,महेंद्र नायक, महामंत्री ब्लाक कांग्रेस यशवंत नायक,विनोद साहू, के एल मरकाम जी,चिंतू राम सिन्हा जी,देवानंद kureti,मैना ध्रुव अध्यक्ष सरपंच संघ चारामा, रविलाल नायक,नूतन भोयर,कलिता गोटी, रत्ना क़व्वाची, करुणा कश्यप सरपंच,सेक्टर अध्यक्ष शिव सोनकर,बूथ अध्यक्ष कैलाश कठोलिया, भक्तु सोनकर, सुधांशु पांडे ,सुरेन्द्र साधवानी,विकास मंडावी,समीर बंछोर,भूपेश सिन्हा,यस ठाकुर, लखनु जूरी
सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने भी समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा कृषि व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *