विकास कार्यों की नब्ज टटोली, अफसरों की सुस्ती पर भड़कीं कलेक्टर, पॉलिटेक्निक भवन के कछुआ चाल निर्माण पर जताई भारी नाराजगी

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को अल्टीमेटम वक्त पर काम पूरा करो, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

सूरजपुर / सरकारी फाइलों और दावों के बीच जमीनी हकीकत परखने के लिए आज कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने शासकीय पॉलिटेक्निक सूरजपुर के निर्माणाधीन भवन का औचक निरीक्षण किया। मौके पर काम की ‘कछुआ रफ्तार’ देख कलेक्टर का पारा चढ़ गया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दो टूक लहजे में कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

दौरे में खुली पोल, सुस्त रफ्तार पर खिंचाई ….

कलेक्टर ने साफ कर दिया कि विकास कार्यों में ढर्रेबाजी और लेटलतीफी अब नहीं चलेगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और मौजूदा स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। काम की सुस्ती पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को सख्त हिदायत दी कि तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में काम पूरा होना चाहिए।

कलेक्टर का कड़ा संदेश,, भवन निर्माण में देरी का सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। समय-सीमा में काम पूरा करें, ताकि छात्रों को जल्द से जल्द आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए और बेहतर शैक्षणिक माहौल का लाभ मिल सके।

मौके पर मौजूद रहे जिम्मेदार,, निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमले में हड़कंप की स्थिति रही। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता श्री ललित भोई, एसडीओ श्री एस.के. मिश्रा और शासकीय पॉलिटेक्निक सूरजपुर के प्रभारी प्राचार्य श्री विवेक कुमार मेहता मुख्य रूप से उपस्थित थे। कलेक्टर ने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को आपसी तालमेल बिठाकर काम की दैनिक मॉनिटरिंग करने को कहा है।

छात्रों को जल्द मिलेगा आधुनिक कैंपस ….

कलेक्टर के इस औचक तेवर से साफ है कि प्रशासन अब लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। इस कड़े रुख के बाद अब उम्मीद जगी है कि अधर में लटका पॉलिटेक्निक का यह नया हाईटेक भवन जल्द ही बनकर तैयार होगा और सूरजपुर के छात्रों को चमचमाता हुआ आधुनिक कैंपस नसीब हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *