मानिकपुरी समाज ने मनाया 629वां कबीर प्राकट्य दिवस पर अनेक कार्यक्रम , रक्तदान शिविर बना आकर्षण का केंद्र

0 कबीर प्राकट्य दिवस पर जोगनीपाली में निकली भव्य शोभायात्रा, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 39 यूनिट रक्तदान एकत्र0
दिलीप गुप्ता
सरायपाली:- ग्राम जोगनीपाली में मानिकपुरी समाज द्वारा संत शिरोमणि सतगुरु कबीर साहेब जी का 629वां प्राकट्य दिवस श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक समरसता के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल सतगुरु कबीर साहेब जी की पूजा-अर्चना एवं आरती से हुई। समाज के महंत एवं दीवान द्वारा परंपरागत विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई। इसके पश्चात महिलाओं ने आरती की थालियाँ सजाकर सतगुरु कबीर साहेब जी की आरती उतारी तथा “साहेब बंदगी” और कबीर साहेब के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

पूजन-अर्चन के उपरांत ग्राम में भव्य शोभायात्रा एवं रैली निकाली गई। रैली में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। श्रद्धालु कबीर साहेब के संदेशों—सत्य, मानवता, समानता और सद्भाव—का प्रचार करते हुए साहेब बंदगी के जयकारे लगाते हुए पूरे ग्राम का भ्रमण किया। रैली ने सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया।

रैली के समापन के बाद आयोजित मुख्य समारोह में कथा वाचक द्वारा सतगुरु कबीर साहेब के जीवन, दर्शन एवं उनके अमूल्य उपदेशों पर विस्तृत प्रवचन प्रस्तुत किया गया। प्रवचन में बताया गया कि कबीर साहेब ने समाज को जाति-पांति, ऊँच-नीच और आडंबर से ऊपर उठकर सत्य, प्रेम, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज सेविका श्रीमती अनीता चौधरी, ग्राम सरपंच जयप्रकाश साहू, ब्लॉक अध्यक्ष तुलसीदास, अमृतलाल पटेल, ग्राम गौंटिया कुबेर चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संत कबीर साहेब के विचारों को वर्तमान समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।
इसी अवसर पर माता सावित्रीबाई फुले समूह के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में समाज सेवा और मानव कल्याण की भावना से प्रेरित होकर युवाओं एवं सामाजिक बंधुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में 39 यूनिट रक्तदान संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा।

रक्तदान करने वाले प्रमुख रक्तवीरों में विष्णु दास, पार्वती, किशन सागर, योगेश्वर कश्यप, खगेश साहू, अभिषेक नायक, रूपेश सिदार सहित अनेक युवाओं ने भाग लेकर समाज सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान शिविर ने यह संदेश दिया कि “रक्तदान महादान” है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज सेविका अनीता चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि संत कबीर दास जी के विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सदियों पूर्व थे। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब ने प्रेम, समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देकर मानव समाज को जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने समाज से संत कबीर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने एवं सेवा, शिक्षा तथा सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन इंदल दास ने किया। आयोजन में ब्लॉक कोषाध्यक्ष सुक दास, सेतु दास, राजू दास, गनपत दास, नंदू दास, सुख साखर दास, हीरालाल मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं युवा समिति की ओर से गोपाल दास, शिव दास, रिंकू दास, मदन दास, वासुदेव दास, अनिल, सुनील सहित अनेक युवा कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूरे दिन और रात भार के इस आयोजन में महिलाओं, युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कुटेला , जोगनीपाली, बस्तीपाली, सानपंधी गांव से मानिकपुरी समाज का प्रतिनिधित्व रहा। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और मानव सेवा के त्रिवेणी स्वरूप इस आयोजन ने ग्राम जोगनीपाली में संत कबीर साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। कबीर प्राकट्य दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *