पैपराजी पर भड़कीं नेहा धूपिया, बैक पोज वीडियो बनाने वालों को लगाई कड़ी फटकार

फिल्मी सितारों और पैपराजी यानी फोटो खींचने वाले कैमरामैन के बीच का विवाद एक बार फिर गरमा गया है। हाल ही में सुपरस्टार सैफ अली खान ने कहा था कि कैमरामैन के आने से पहले उनकी जिंदगी ज्यादा बेहतर थी। अब इस कड़ी में मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया का नाम भी जुड़ गया है। नेहा ने पीछे से छिपकर या अजीब तरीके से फोटो और वीडियो बनाने वाले कैमरामैन की क्लास लगाई है और उन्हें जमकर फटकार भी लगाई है।

सरेआम कैमरामैन पर फूटा गुस्सा

पिछले काफी समय से जाह्नवी कपूर, नेहा शर्मा और मोना सिंह जैसी कई बड़ी अभिनेत्रियां पीछे से वीडियो बनाने पर कड़ा ऐतराज जता चुकी हैं। बुधवार की रात जब नेहा धूपिया एक पुरस्कार समारोह से बाहर निकल रही थीं, तब कुछ कैमरामैन ने उनके सफेद बालों के हेयरस्टाइल पर कमेंट कर दिया। इस बात पर भड़कते हुए नेहा ने कहा कि बोल लिया, कर लिया, ये बदतमीजी से पीछे से वीडियो कौन बनाता है तुम लोगों में से और इसे इंटरनेट पर डालता कौन है, ऐसा बिल्कुल मत करो।

नेहा ने कहा- बोलना बंद करो, अब सीधे कार्रवाई होगी

जब नेहा ने गुस्सा दिखाया तो कैमरामैन ने सफाई देते हुए कहा कि वे आगे से ऐसा नहीं करेंगे। इस पर नेहा ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सिर्फ मेरा ही नहीं, बल्कि किसी भी अभिनेत्री का ऐसा वीडियो नहीं बनना चाहिए। हम सब बोल-बोलकर थक चुके हैं। जब हम बाहर आते हैं, तो आप लोग पीछे से चलते हुए वीडियो बनाते हैं, यह सब अब नहीं चलेगा। इसे अभी बंद करो। हम बहुत इज्जत से बात करते हैं, इसलिए यह सब मत करो।

नेहा धूपिया ने विदेशी फिल्म से किया डेब्यू

काम की बात करें तो नेहा धूपिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने अभिनय की शुरुआत की है। मिस्र के मशहूर फिल्म निर्देशक अली अल अरबी की नई फिल्म 52 ब्लू के जरिए नेहा ने विदेशी सिनेमा में कदम रखा है। यह पहला मौका है जब नेहा किसी विदेशी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनी हैं। इस फिल्म में उनके साथ आदिल हुसैन और शशिधर यादव भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *