रमेश गुप्ता दुर्ग। शहर के इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में संचालित किए जा रहे कथित अनैतिक देह व्यापार का सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसी की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है। पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर लॉज संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान दो पुरुष और तीन महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से करीब 20 हजार रुपए नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई
दुर्ग सीएसपी एवं आईपीएस हर्षित मेहर ने बताया कि 28 जून की शाम सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना और एसीसी की संयुक्त टीम ने रणनीति बनाकर लॉज में दबिश दी। छापेमारी के दौरान लॉज के अलग-अलग कमरों में दो पुरुष और तीन महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं, जबकि लॉज संचालक भी मौके पर मौजूद था।
पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने विजय गुजराती ,नारायण देशमुख ,तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से देह व्यापार संचालित किए जाने की पुष्टि हुई है।
ये सामान हुआ जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लॉज से करीब 20 हजार रुपए नकद, 4 मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट तथा देह व्यापार से जुड़ी अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना और एसीसी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।