कलेक्टर के निर्देशन में अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, रात्रि जाँच के दौरान लगभग 10 डंपर रेत जब्त

 सक्ती, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं खनि अधिकारी के.के. बंजारे के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व अमला एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत भंडारण के मामले में विगत दिवस रात्रि जाँच के दौरान लगभग 10 डंपर रेत जब्त की गई है। तहसीलदार सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार सक्ती नगर के गेवाडिन कॉलोनी के पास अवैध रूप से भंडारित रेत पर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान अवैध रेत भंडारण पाए जाने पर लगभग 10 डंपर रेत को जब्त कर कोटवार के सुपुर्द किया गया है। खनिज विभाग द्वारा प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग एवं राजस्व अमला द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *