पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस मामले में शुक्रवार को आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान साहिल ने पुलिस से कहा कि अगर सिया ने परिवार को बताया होता कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती, तो शादी तुरंत रद्द कर दी जाती।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, साहिल को सुबह पूछताछ के लिए बुलाया गया था। देर शाम उसे घर जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान उससे सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते, परिवार की जानकारी और कई अन्य पहलुओं पर सवाल किए गए।
पुलिस ने क्या कहा
जांच अधिकारियों के अनुसार, साहिल चेतन चौधरी को पहले से जानता था। पूछताछ में कई तथ्यों की पुष्टि की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर परिवार के अन्य सदस्यों और दोस्तों से भी पूछताछ की जाएगी।
हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस का दावा है कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या पहले से बनाई गई साजिश के तहत की गई। आरोप है कि मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को पहाड़ी से धक्का दिया। जांच एजेंसी का कहना है कि दोनों की भूमिका अब तक की जांच में सामने आ चुकी है।
अब तक सात लोगों से पूछताछ
पुलिस अब तक सात लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें एक ऐसा कर्मचारी भी शामिल है, जिसके मोबाइल फोन का इस्तेमाल घटना वाले दिन कथित तौर पर सिया और चेतन के बीच बातचीत के लिए किया गया था। जांच टीम अब घटनास्थल पर डमी बॉडी के जरिए पूरी घटना को दोबारा समझने की तैयारी कर रही है।
पिता ने हेयर विग वाली बात खारिज की
केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने उन दावों को खारिज किया, जिनमें हेयर विग को विवाद की वजह बताया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मेडिकल कारणों से केतन के सिर के एक हिस्से के बाल झड़ गए थे और यह बात शादी तय होने से पहले ही दोनों परिवारों को बता दी गई थी। उनका कहना है कि यदि सिया को किसी बात पर आपत्ति थी, तो वह शादी से इनकार कर सकती थी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने इस केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील भी नियुक्त किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।