रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार 27 जून से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब तक करीब 80 प्रतिशत क्षेत्र को कवर कर चुका है। अगले तीन से चार दिनों में मानसून पूरे राज्य में पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले सात दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिलेगी। इससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बीते 24 घंटों के दौरान भी कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।
बिलासपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
तापमान की बात करें तो बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में पहुंच चुका है मानसून
मानसून रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर सहित 18 से अधिक जिलों में सक्रिय हो चुका है।
इन जिलों में जल्द होगी एंट्री
सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून पहुंच सकता है। इन इलाकों में फिलहाल प्री-मानसून की बारिश हो रही है, लेकिन आधिकारिक तौर पर मानसून की घोषणा अभी नहीं हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है। बारिश का यह दौर खेती के लिए भी राहत भरा माना जा रहा है।