ओपन नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भिलाई के स्केटर्स का जलवा, 15 से अधिक पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

रमेश गुप्ता भिलाई। कोलकाता में आयोजित ऑल इंडिया ओपन स्पीड रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भिलाई के स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 से अधिक पदक अपने नाम किए हैं। प्रतियोगिता में भिलाई से शामिल हुए सभी 8 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर न केवल शहर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
देशभर के 400 से अधिक खिलाड़ियों की मौजूदगी में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भिलाई के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का बेहतरीन प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे लंबे समय की कड़ी मेहनत और अनुशासित अभ्यास रहा। कई खिलाड़ी चोटिल होने के बावजूद प्रतियोगिता में उतरे और शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने में सफल रहे।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम के अधिकारी और प्रदेश में स्केटिंग को नई पहचान दिलाने वाले कोच दलजीत सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने पूरे समर्पण के साथ प्रतियोगिता की तैयारी की थी, जिसका परिणाम पदकों के रूप में सामने आया।
खिलाड़ियों ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए वे पिछले दो महीनों से प्रतिदिन सुबह 4 बजे उठकर रोड रेस का अभ्यास करते थे। इसके बाद दो घंटे तक स्केटिंग रिंग में तकनीकी प्रशिक्षण भी लेते रहे। इसी निरंतर मेहनत और समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाई।
पदक जीतने के बाद खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विजेता स्केटर्स ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने कोच, अभिभावकों और नियमित अभ्यास को दिया। इस उपलब्धि से भिलाई के खेल जगत में खुशी का माहौल है और युवा खिलाड़ियों को भी स्केटिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *