रायपुर बस्तर /
रायपुर ग्रुप के अंतर्गत तथा एमपी एवं सीजी एनसीसी निदेशालय के मार्गदर्शन में 1 छत्तीसगढ़ गर्ल्स एनसीसी बटालियन द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (Annual Training Camp – ATC-129) का शुभारंभ 20 जून 2026 को परचनपाल में हुआ। यह दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 29 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आई लगभग 530 गर्ल कैडेट्स भाग ले रही हैं।
इस शिविर का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता, साहस, आत्मविश्वास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, मैप रीडिंग, व्यक्तित्व विकास, आपदा प्रबंधन, सामुदायिक सेवा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न सैन्य एवं साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त व्याख्यान, समूह चर्चा, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से कैडेट्स के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) देश के युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व के गुण विकसित करने वाली विश्व की सबसे बड़ी वर्दीधारी युवा संस्था है। एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। एनसीसी प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं में सेवा, समर्पण एवं टीम भावना का विकास होता है, जो उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने हेतु सक्षम बनाता है।
वर्तमान समय में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एनसीसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एनसीसी बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं निर्णय लेने में सक्षम बनाती है। प्रशिक्षण के माध्यम से उनमें नेतृत्व क्षमता, साहस, आत्मरक्षा कौशल तथा चुनौतियों का सामना करने का आत्मबल विकसित होता है। आज एनसीसी की गर्ल कैडेट्स शिक्षा, प्रशासन, सशस्त्र बलों, खेल एवं विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
परचनपाल में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर युवा बालिकाओं को सशक्त, जागरूक एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह शिविर न केवल उनके व्यक्तित्व विकास का माध्यम बनेगा, बल्कि उन्हें भविष्य की जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता के रूप में भी तैयार करेगा।