12 वर्ष विकास के विश्वास” अभियान सिर्फ प्रचार का माध्यम, जमीनी हकीकत कुछ और : सुनील बबला पाढ़ी

भानुप्रतापपुर, 21 जून। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानुप्रतापपुर के अध्यक्ष सुनील बबला पाढ़ी ने भाजपा द्वारा चलाए जा रहे “12 वर्ष विकास के विश्वास” अभियान को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान वास्तविक विकास की उपलब्धियों से अधिक प्रचार और दिखावे पर आधारित है, जबकि आम जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
जारी बयान में पाढ़ी ने कहा कि यदि वास्तव में विकास हुआ होता तो गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास, रोजगार, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए बार-बार आवेदन और पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन अनेक पात्र हितग्राही अब भी लाभ से वंचित हैं।
उन्होंने देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, युवाओं की बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं तथा किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता इन गंभीर मुद्दों से जूझ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को प्रचार अभियान चलाने के बजाय जनता को यह बताना चाहिए कि लंबे कार्यकाल के बावजूद लाखों परिवार अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए भटकने को क्यों मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल भाषणों और विज्ञापनों से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि विकास का वास्तविक और ठोस हिसाब मांग रही है।
पाढ़ी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के अधिकारों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रही है तथा आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता वास्तविक विकास और जनकल्याणकारी कार्यों के आधार पर ही अपना निर्णय करेगी।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्षेत्र के समग्र विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के लिए निरंतर संघर्षरत है तथा जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *