बिजली कंपनी में बंपर भर्ती, 1463 उच्च कुशल कंप्यूटर ऑपरेटरों की होगी नियुक्ति

CSPDCL ने जारी किया आदेश,, 2 वर्षों के लिए बाह्य स्रोत आउटसोर्सिंग से भरे जाएंगे रिक्त पद

सूरजपुर / छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड CSPDCL ने राज्य के युवाओं और बेरोजगारों के लिए एक बड़ी राहत और रोजगार की खबर दी है। बिजली कंपनी में कार्यालय सहायकों के रिक्त पदों के सुचारू संचालन के लिए 1463 उच्च कुशल श्रेणी के कर्मचारियों कंप्यूटर ऑपरेटरों की भर्ती को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। यह नियुक्ति पूर्णतः बाह्य स्रोत आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जाएगी।

मुख्य अभियंता मानव संसाधन राजेंद्र प्रसाद द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इन कर्मचारियों को 02 वर्षों की अवधि के लिए नियोजित किया जाएगा। यह कार्यकाल 15 जुलाई 2026 से शुरू होकर 14 जुलाई 2028 तक प्रभावी रहेगा।

पारदर्शी निविदा प्रक्रिया से होगी भर्ती
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन उच्च कुशल कर्मचारियों कंप्यूटर ऑपरेटरों का नियोजन वर्तमान में प्रचलित नियमों के अनुरूप, पूरी तरह से पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित कार्यालयों द्वारा किया जाएगा।

नियमों में कड़ाई,, 1 महीने के नोटिस पर समाप्त हो सकता है अनुबंध

बिजली कंपनी ने इस बार आउटसोर्सिंग के नियमों में एक महत्वपूर्ण शर्त भी जोड़ी है। जारी होने वाली निविदा में यह प्रावधान अनिवार्य रूप से शामिल रहेगा कि किसी भी विषम परिस्थिति में अनुबंध या आदेश की अवधि को मात्र एक माह के अग्रिम नोटिस पर समाप्त किया जा सकेगा।

नियमित भर्ती होते ही स्वतः समाप्त हो जाएगी प्रशासनिक स्वीकृति
भविष्य की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए आदेश में एक और अहम बिंदु जोड़ा गया है। यदि आने वाले समय में कार्यालय सहायक अथवा डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर कोई नियमित भर्ती या पदस्थापना की जाती है, तो उनके कार्यभार ग्रहण करने के अगले महीने से आउटसोर्सिंग के जरिए दी गई यह प्रशासनिक स्वीकृति उसी मात्रा में स्वतः ही निरस्त मानी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *