कदाचरण के दोषी अधिवक्ता सूरज शर्मा को संघ की सदस्यता से निलंबित किया गया

राजकुमार मल

भाटापारा- अधिवक्ता संघ भाटापारा द्वारा संघ के नियमों,आचार संहिता एवं अनुशासनात्मक प्रावधानों के उल्लंघन तथा कदाचरण के संबंध में प्राप्त शिकायत एवं उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार विमर्श एवं चर्चा करने के लिये अधिवक्ता संघ भाटापारा की आमसभा बैठक दिनांक 18 जून को अधिवक्ता संघ कार्यालय भाटापारा में आयोजित किया गया। अधिवक्ता संघ भाटापारा के सदस्य सूरज शर्मा के विरुद्ध लिखित शिकायत प्राप्त हुआ जिस पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, सचिव पदाधिकारी एवं समस्त सदस्यगण के समक्ष आमसभा में सभी पक्षों को सुनवाई का अवसर देते हुए गहन चर्चा किया गया। बैठक में उपस्थित कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी सूरज शर्मा के विरुद्ध कदाचरण का शिकायत प्रस्तुत किया। शिकायत के समर्थन में प्राप्त साक्ष्य तथा प्रथम दृष्टिया कदाचरण सिद्ध पाये जाने पर अधिवक्ता सूरज शर्मा को अधिवक्ता संघ भाटापारा की नियमित सदस्यता से निष्कासित/निलंबित किये जाने का सर्वसम्मति से निर्णय पारित किया गया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल मिश्रा के द्वारा बताया गया कि सूरज शर्मा के विरुद्ध लगातार 2 वर्ष से कदाचरण का शिकायत प्राप्त हो रहा था, जिसमें प्रमुख रूप से पुलिस थानो के कुछ कर्मचारियो से सांठगांठ कर जमानत के प्रकरणो को अपने पक्ष में दिये जाने का दबाव बनाना शामिल है, अधिवक्ता के उक्त कदाचरण से अधिवक्ता संघ की छवि लगातार खराब हो रही थी जिसके संबंध में उन्हें कई बार मौखिक रूप से चेतावनी देकर आचरण में सुधार करने का निर्देश दिया गया था, किंतु उनके द्वारा लगातार अधिवक्ता संघ के आचार संहिता, अनुशासन एवं नियमों का उल्लंघन किया जाता रहा है जिस कारण इस बार कठोर निर्णय लिया गया है। यह आदेश दिनांक 18 जून 2026 से प्रभावी होगा, उक्त अवधि के दौरान संबंधित निलंबित अधिवक्ता, संघ की सदस्यता से प्राप्त किसी भी अधिकार, सुविधा अथवा गतिविधियों में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। संघ द्वारा यह भी चर्चा किया गया है कि उक्त अधिवक्ता को अनुचित रूप से लाभ दिलाये जाने वाले पुलिस कर्मचारीयों /अधिकारियों के विरुद्ध भी जांच कराया जाएगा।आमसभा में अधिवक्ता संघ द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि यह कार्यवाही संघ में अनुशासन, मर्यादा एवं पेशेवर आचरण बनाये रखने के उद्देश्य से की गई है। संघ के सभी सदस्यों से अपेक्षा की जाती है कि वे अधिवक्ता पेशे की गरिमा एवं नैतिक मानको का पालन हर स्थिति में करें। अधिवक्ता संघ द्वारा की गई उपरोक्त कार्यवाही की प्रतिलिपि व्यवहार न्यायालय भाटापारा, जिला न्यायालय बलौदाबाजार एवं राज्य विधिज्ञ परिषद छ. ग. बिलासपुर को प्रेषित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *