BSP से स्क्रैप चोरी का बड़ा खुलासा: 2 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 12 गिरफ्तार; 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त

रमेश गुप्ता भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के दो और सदस्यों को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। पुलिस ने अब तक करीब 90 लाख रुपए मूल्य का लौह स्क्रैप और वाहनों-मशीनों सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले चार से पांच महीनों से योजनाबद्ध तरीके से बीएसपी से निकलने वाले फ्लू डस्ट परिवहन वाहनों का इस्तेमाल कर लौह स्क्रैप की चोरी कर रहा था। चोरी किए गए स्क्रैप को हथखोज स्थित एक निजी परिसर में जमा किया जाता था, जहां से उसे खपाने की तैयारी थी।
मुखबिर की सूचना से खुला पूरा नेटवर्क
26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में दबिश दी। जांच के दौरान कई हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी मिली। परिसर में बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप अलग-अलग ढेरों में संग्रहित पाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि बीएसपी से परिवहन के दौरान स्क्रैप को व्यवस्थित तरीके से निकालकर उक्त स्थान पर एकत्रित किया जा रहा था। मौके से करीब 250 टन लौह प्लेट, बीम कटिंग और अन्य लौह सामग्री जब्त की गई।
2 और आरोपी दबोचे गए
विवेचना के दौरान आकाश कुमार सिंह और अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। मामले में पहले ही 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
करोड़ों की मशीनरी और वाहन भी जब्त
पुलिस ने स्क्रैप परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए जा रहे कई हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा तथा अन्य मशीनरी को भी जब्त किया है। जब्त सामग्री में 250 टन लौह स्क्रैप के अलावा 5 विशेष मशीनें भी शामिल हैं, जिनका उपयोग डस्ट छानने और स्क्रैप अलग करने में किया जा रहा था।
मुख्य बातें
बीएसपी से स्क्रैप चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश
4-5 माह से चल रहा था अवैध कारोबार
2 और आरोपियों की गिरफ्तारी, कुल संख्या 12 पहुंची
करीब 90 लाख रुपए का लौह स्क्रैप बरामद
वाहनों और मशीनों सहित कुल 3.22 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी
आकाश कुमार सिंह (29 वर्ष)
निवासी – हाउसिंग बोर्ड एमआईजी-2/1453, जामुल
अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा (45 वर्ष) , – सड़क 15/बी, सेक्टर-02, भिलाई निवासी है l

…………………………….
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। संभावना है कि जांच में और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *