वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का व्हाट्सएप हैक, मदद के नाम पर ऐंठे 12

लाख

रायपुर। साइबर अपराधियों ने इस बार छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. सलीम राज को निशाना बनाकर बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। उनके व्हाट्सएप अकाउंट को हैक कर अपराधियों ने परिचितों और शुभचिंतकों से आर्थिक मदद मांगी और कुछ ही घंटों में करीब 12 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।


जानकारी के अनुसार रविवार को डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट अचानक हैक हो गया। अकाउंट पर कब्जा करने के बाद साइबर ठगों ने उनकी प्रोफाइल फोटो और पहचान का इस्तेमाल करते हुए उनके संपर्क सूची में मौजूद लोगों को संदेश भेजना शुरू कर दिया। संदेश में लिखा गया था कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और किसी जरूरी काम के लिए तत्काल पैसों की आवश्यकता है।


राज्य के एक महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर होने के कारण अधिकांश लोगों ने संदेश की सत्यता पर संदेह नहीं किया। रविवार होने और मामला आपात स्थिति का समझकर कई परिचितों ने बिना फोन पर पुष्टि किए ही मैसेज में दिए गए बैंक खातों और यूपीआई आईडी पर रकम भेज दी। अलग-अलग लोगों से भेजी गई राशि मिलाकर ठगों ने करीब 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली।


मामले का खुलासा तब हुआ जब पैसे ट्रांसफर करने वाले कुछ लोगों ने बाद में डॉ. सलीम राज से संपर्क कर इसकी जानकारी दी। फोन आने पर उन्हें पता चला कि उनके नाम से फर्जी संदेश भेजकर लोगों से रकम मांगी जा रही है। इसके बाद उन्होंने तत्काल अपने स्तर पर लोगों को सतर्क किया और पुलिस को सूचना दी।


घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. सलीम राज ने रायपुर पुलिस और साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर विशेषज्ञों ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस हैक किए गए अकाउंट की तकनीकी पड़ताल कर रही है, वहीं जिन बैंक खातों और यूपीआई आईडी में रकम ट्रांसफर की गई है, उन्हें फ्रीज कराने के लिए संबंधित बैंकों से संपर्क किया गया है।


प्रारंभिक जांच में यह मामला सोशल इंजीनियरिंग और पहचान का दुरुपयोग कर की गई साइबर ठगी का माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि व्हाट्सएप अकाउंट किस तरीके से हैक किया गया और इसके पीछे सक्रिय गिरोह का नेटवर्क कहां से संचालित हो रहा है।


इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि साइबर अपराधी अब आम लोगों के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रभावशाली व्यक्तियों की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला संदेश मिलने पर पहले फोन या अन्य माध्यम से उसकी पुष्टि जरूर करें और बिना सत्यापन के किसी भी खाते में रकम ट्रांसफर न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *