छत्तीसगढ़ में मानसून का लंबा इंतजार: रायपुर समेत मध्य इलाकों में उमस और गर्मी का डबल अटैक, सरगुजा में बरस रहे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जून का पहला पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी लोगों को मानसून का इंतजार है। रायपुर समेत प्रदेश के मध्य इलाकों में मानसून के न पहुंचने से गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। हालांकि, द्रोणिका यानी हवा के कम दबाव की पट्टी के असर से सरगुजा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए बताया है कि अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की गतिविधियां जारी रहेंगी।

सूरजपुर के ओड़गी में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश

मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ी हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश सूरजपुर जिले के ओड़गी में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रामानुजनगर, प्रतापपुर और जशपुर के कांसाबेल में 2-2 सेंटीमीटर पानी गिरा। वहीं बलरामपुर, कोरबा के पाली और करतला, बलौदा बाजार के गिधौरी टुंड्रा, सूरजपुर के प्रेमनगर और रायगढ़ के मुकडेगा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

तापमान का हाल: बेमेतरा सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम पारा

इस समय प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां एक तरफ बारिश से कुछ जिलों में मौसम ठंडा है, वहीं मैदानी इलाकों में सूरज के तेवर तीखे हैं। सोमवार को बेमेतरा जिला 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि सबसे कम 22.9 डिग्री सेल्सियस तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:

रायपुर: 39.0 डिग्री सेल्सियस

माना: 39.7 डिग्री सेल्सियस

बिलासपुर: 39.7 डिग्री सेल्सियस

पेंड्रा: 37.0 डिग्री सेल्सियस

अंबिकापुर: 36.8 डिग्री सेल्सियस

जगदलपुर: 38.3 डिग्री सेल्सियस

दुर्ग: 41.2 डिग्री सेल्सियस

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर और इसके आस-पास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने मंगलवार का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। आज रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने, हल्की वर्षा होने और तेज अंधड़ चलने की संभावना है। हालांकि, बादलों की आवाजाही के बीच उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी। शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इसके साथ ही मौसम वैज्ञानिकों ने आज पूरे प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *