केशकाल घाट में पलटा ऑक्सीजन टैंकर, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

केशकाल। बस्तर के केशकाल घाट में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहा ऑक्सीजन से भरा टैंकर घाट के पहले मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार ऑक्सीजन से भरा टैंकर जगदलपुर से रायपुर होते हुए ओडिशा के झालागुड़ा जा रहा था। इसी दौरान केशकाल घाट के पहले मोड़ पर वाहन का ब्रेक अचानक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन टैंकर सड़क किनारे चट्टान से टकराने के बाद पलट गया।

टैंकर चालक उदय कुमार ठाकुर (52), जो बिहार के निवासी हैं, ने बताया कि वे वर्ष 1995 से ऑक्सीजन टैंकर चला रहे हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्होंने वाहन से सुरक्षित बाहर निकलकर टैंकर की सुरक्षा नली खोल दी। इससे ऑक्सीजन नियंत्रित तरीके से बाहर निकलती रही और टैंकर के भीतर दबाव नहीं बढ़ पाया। चालक के अनुसार यदि समय रहते सुरक्षा नली नहीं खोली जाती तो टैंकर के भीतर गैस का दबाव बढ़ सकता था, जिससे गंभीर दुर्घटना होने की आशंका थी।

घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दुर्घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। पलटे हुए टैंकर को हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही टैंकर में बची ऑक्सीजन को सुरक्षित तरीके से दूसरे टैंकर में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार का खतरा पूरी तरह समाप्त किया जा सके। हादसे के कारण केशकाल घाट मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग की सक्रियता के चलते वन-वे व्यवस्था लागू कर वाहनों की आवाजाही जारी रखी गई। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में घाट मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *