Chhattisgarh Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की राह देख रहे लोगों को फिलहाल उमस और तपिश का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियां जरूर सक्रिय हैं, लेकिन बारिश का दायरा बेहद सीमित होने की वजह से ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। नतीजा यह है कि अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रायपुर और जगदलपुर समेत कई इलाकों में पारा 1 से 3 डिग्री तक चढ़ गया है, जिससे लोग उमस से बेहाल हैं।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म इलाका राजनांदगांव रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रायपुर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले 24 घंटों के दौरान केवल मुंगेली में 5 सेमी और कवर्धा में 1 सेमी जैसी हल्की से मध्यम बारिश ही देखने को मिली है।
क्या कहता है मौसमी सिस्टम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिम राजस्थान से लेकर गंगीय पश्चिम बंगाल (उत्तर मध्य प्रदेश, दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड होते हुए) तक एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) बनी हुई है। इसके अलावा, मध्य उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर मध्य महाराष्ट्र तक समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है, जिसके प्रभाव से स्थानीय स्तर पर बादल बन रहे हैं।
आज 50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की भी चेतावनी दी गई है। आने वाले दो दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर का हाल
रायपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। शाम या रात के वक्त गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की स्थिति बन सकती है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।